सीतापुर। रोडवेज बस में सफर अब और महंगा होगा। मुसाफिरों को अब रोडवेज बस में यात्रा करने के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी। परिवहन निगम ने 25 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से किराया बढ़ा दिया है। सीतापुर से कैसरबाग (लखनऊ) जाने के लिए अब लगभग 22 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। दिल्ली के लिए वर्तमान किराए से 110 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ेगे। नया किराया चार से पांच दिनों में ा हो सकता है।
राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) की बीते सोमवार को लखनऊ में हुई बैठक में किराया बढ़ाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस बार प्रति किलोमीटर 25 पैसे बढ़ाए गए हैं, जो अब तक की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है। निगम के अफसर किराया बढ़ोतरी को आवश्यक मानते हैं।
उनका कहना है कि डीजल के दाम बढ़कर 92 रुपये तक पहुंच गए हैं। इसके अलावा बसों की मरम्मत का भी खर्च बढ़ गया है। ऐसे में परिवहन निगम ने रोडवेज बसों का किराया बढ़ाने का निर्णय लिया है। सीतापुर डिपो से इस समय 170 बसों का संचालन विभिन्न मार्गों पर किया जा रहा है। रोजाना आठ से दस हजार यात्री रोडवेज बसों से अपने गंतव्य के लिए आवागमन करते हैं। किराया बढ़ने का असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।
किराए में संभावित वृद्घि
स्टेशन दूरी (किमी.) किराया बढ़ा किराया
कमलापुर 26 34 40
सिधौली 35 43 51.75
कैसरबाग 87 108 129.75
लखीमपुर 48 56 68
शाहजहांपुर 90 104 126.50
दिल्ली 443 542 652.75
हरदोई 75 85 103.15
यात्रियों की जेब पर पड़ेगा असर
हिमांशु जायसवाल ने बताया कि रोडवेज बसों का किराया बढ़ाने यात्रियों की जेब पर असर पड़ेगा। किराए वृद्धि के साथ ही बसों में सुविधाएं भी बेहतर करनी चाहिए, जिससे यात्रियों का सफर आरामदायक बन सके। नीरज रस्तोगी का कहना है कि रोडवेज किराया तो बढ़ा दिया जाता है लेकिन बसों में यात्रियों को सुविधाएं नहीं मिलती हैं। गंदी सीटें, टूटे शीशे, खटारा बसों से भी निजात मिलनी चाहिए। कुछ परिचालक यात्रियों से व्यवहार भी अच्छा नहीं करते हैं।