सीतापुर। हर अपराधी आखिर सपाई क्यों होता है। एक दौर था जब गुंडों को गधे पर बैठाकर घुमाया जाता था, लेकिन उन गुंडों को मायावती ने हाथी पर बैठा दिया। अभी माफिया की सूची जारी हुई, तो बड़ी खुशी हुई कि इसमें सीतापुर और हरदोई का एक भी नाम नहीं है। मुस्लिमों को अल्पसंख्यक का दर्जा नहीं दिया जाना चाहिए। उक्त विचार पूर्व सांसद पूर्व मंत्री भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने गुरुवार को सीतापुर में व्यक्त किए।
सीतापुर नगर पालिका अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी नेहा अवस्थी के समर्थन में शहर के एक गेस्टहाउस में आयोजित जनसभा में नरेश अग्रवाल ने कहा कि देश में मुस्लिम न तो अरब से आए और न ही अफगानिस्तान से। हिंदू धर्म से परिवर्तन कर लोग मुस्लिम बने हैं। आज के मुस्लिम अपने पांच पीढ़ी पहले के लोगों के नाम खोजें तो सब पता चल जाएगा।
नरेश अग्रवाल ने कहा कि मुस्लिमों को अल्पसंख्यक का दर्जा नहीं देना चाहिए। अल्पसंख्यक तो वैश्य समाज के लोग हैं और इस समाज ने हमेशा देश की तरक्की में योगदान किया है। नरेश अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी नेहा अवस्थी को नसीहत देते हुए कहा कि अध्यक्ष बन जाना तो किसी को प्रतिनिधि मत बनाना। खुद काम संभालना।
नेहा के ससुर मुनींद्र अवस्थी से पुराने रिश्तों का हवाला देकर कहा कि मुनींद्र का हमने ही मार्गदर्शन किया है। खुशी है कि आज मुनींद्र सफल हैं। नेहा अवस्थी से कहा कि दाखिल खारिज की समस्या बहुत बड़ी है। मौका मिले, तो विशेष शिविर लगाकर समस्या का निस्तारण करना। कार्यक्रम को पूर्व एमएमली राकेश सिंह, संजीव गुप्ता टिंचू, ललित श्रीवास्तव, सागर गुप्ता ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन व्यापारी नेता भगवती गुप्ता ने किया।
बहुत मदद की लेकिन राधे बेवफा निकले...
सपा प्रत्याशी के ससुर की ओर इशारा करते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि उनका नाम ही राधे है। राधे-राधे करते वृंदावन जाएं और मोदी-योगी का गुणगान करें। उन्होंने कहा कि वक्त पडऩे पर राधे की बहुत मदद की, लेकिन राधे बेवफा निकले।