सदरपुर (सीतापुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नवनिर्मित आवास में दीपक जलाने गई महिला का शव बुधवार देर रात सड़क किनारे पड़ा मिला। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। कपड़े भी अस्त-व्यस्त मिले। ऐसे में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस दुष्कर्म की आशंका से इंकार कर पारिवारिक विवाद में हत्या की बात कह रही है।
एक गांव निवासी महिला (40) बुधवार शाम लगभग 7:30 बजे गांव में ही अपने नए आवास पर दीपक जलाने गई थी। पुराने मकान से नए आवास की दूरी लगभग 800 मीटर है। देर रात लगभग 10:30 बजे तक भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में निकले। इसी बीच नए मकान से कुछ दूर महमूदाबाद-बिसवां मुख्य मार्ग के किनारे झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला।
सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पहले यूपी 112 और फिर सदरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी घुले सुशीलचंद्र भान भी घटनास्थल पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर नमूने लिए।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एनपी सिंह ने बताया कि महिला की नाक की कील और पायल भी गायब हैं। परिजनों ने दुष्कर्म की भी आशंका जताई है, लेकिन प्रथमदृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की बात लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।