सांडा (सीतापुर)। सकरन थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस की वर्दी पहनकर एक घर व दुकान को निशाना बनाया। पांच बदमाशों में दो ने वर्दी पहन रखी थी। पीड़ितों को अदब में लेकर बदमाशों ने वारदात की। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
थाना सकरन निवासी लल्लाराम बीती रात परिवार समेत घर में सो रहे थे। रात करीब एक बजे दरवाजे को खटखटाने की आवाज सुनकर लल्लाराम उठे। उन्होंने दरवाजा खोला तो बाहर पांच लोग खड़े थे। इनमें दो ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। उन्होंने घर में अवैध असलहा रखे होने की बात कही और घर में घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। विरोध पर पीड़ित और उसकी पत्नी को बंधक बनाकर बक्से में रखी दस हजार की नकदी और करीब डेढ़ लाख का माल पार कर दिया।
इसके बाद रात करीब दो बजे मिश्रपुर गांव निवासी रजन्नू यादव की परचून की दुकान पर बदमाशों ने धावा बोला। बदमाशों ने दुकानदार को जगाकर चाभी मांगी। जब उसने चाभी देने से मना किया तो बदमाशों ने कुछ दूर ले जाकर एक पेड़ से उसे बांध दिया। इसके बाद उसकी पिटाई की। दुकान खोलकर उसमें रखा करीब 50 हजार का माल समेट लिया। बदमाशों के चले जाने के बाद किसी तरह बंधन मुक्त होकर पीड़ित ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दी गई है।
लूट की तहरीर, चोरी में केस दर्ज
सकरन पुलिस काफी देर तक मामले को दबाने का प्रयास करती रही। पीड़ित ने लूट की तहरीर दी थी। इसमें पुलिस की वर्दी पहनकर लूट करने की बात कही गई थी। पर पुलिस ने मामले को चोरी की धाराओं में दर्ज किया।
दोनों ही घटनाओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच की है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
- अभिषेक प्रताप सिंह, सीओ बिसवां