फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: बोरियों में कम बालू देख भड़के जल शक्ति मंत्री

Thu, 01 Jun 2023 11:20 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
तंबौर/सीतापुर। प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने गुरुवार को लहरपुर व बिसवां तहसील क्षेत्र में बाढ़ रोकने के लिए चल रहे स्टड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। पासिनपुरवा में बोरियों में बालू की मात्रा कम देख मंत्री ने नाराजगी जताई।
विज्ञापन

लहरपुर तहसील क्षेत्र में इच्छा परियोजना के बारे में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विशाल पोरवाल से जानकारी ली। दो करोड़ 44 लाख रुपये की परियोजना में बाढ़ और कटान रोकने के लिए 21 स्टड बनाए जाने हैं। इसके सापेक्ष 19 स्टड बनाए जा चुके हैं। काम पूरा होने पर शारदा नदी के किनारे बसे इच्छा और डल्लाबाग के लोग बाढ़ से सुरक्षित रहेंगे।
मंत्री ने ग्रामीणों से पूछा कि पिछले साल बाढ़ का पानी कहां तक आया था, तो ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अंदर आ गया था। फिर मंत्री ने परियोजना के बारे में बताया और कहा कि इस बार परेशानी नहीं होगी। ग्रामीणों ने मंत्री से कहा कि इस परियोजना की शुरूआत में पड़ने वाले जनपद खीरी के गांव सैनापुर के बीच लगभग 50 मीटर गैप को भी परियोजना में शामिल कर लिया जाए। मंत्री ने कहा कि करा दिया जाएगा।
विज्ञापन

इसके बाद मंत्री बिसवां तहसील क्षेत्र के पासिनपुरवा परियोजना का जायजा लेने पहुंचे। यहां 6.53 करोड़ से स्टड का निर्माण कराया जा रहा है। स्टड में लगाई जा रही बोरियों में बालू की मात्रा कम देख मंत्री ने नाराजगी जताई। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पर्याप्त मात्रा में बालू भरने के निर्देश दिए ताकि बाढ़ के समय लहरों की ठोकर से स्टड को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने यहां चौपाल लगाकर सरकार की उपलब्धियों का बखान भी किया।

जब प्रधान को दी नसीहत
परियोजना स्थल पर लगी बोरियों पर गंदगी देखकर स्वतंत्र देव सिंह ने ग्राम प्रधान को बुलाया। उन्होंने कहा कि यह जनता की संपत्ति है, गांव की संपत्ति है। इसको साफ सुथरा रखने की जिम्मेदारी भी सभी की है।

बाेतलबंद नहीं पीना, टंकी का पानी गिलास में पिलाएं
जल शक्ति मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत सिधौली तहसील क्षेत्र के खजुरिया गांव में बनाई गई पानी की टंकी का निरीक्षण किया। यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीने के पानी की बोतलें वितरित किए जाने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध जल मिल रहा है, तो इसे गिलासों में भरकर वितरित कराना चाहिए। बोतलबंद पानी की आवश्यकता नहीं। इस दौरान तहसीलदार विनोद सिंह,लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरिश्चंद्र गुप्ता, सहायक अभियंता रामेश्वर सिंह, जल निगम के अधिशासी अभियंता आलोक पटेल आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें