सीतापुर। पेशी पर आए एक अधेड़ की बुधवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह न्यायालय परिसर में ही बेहोश हो गया। अधिवक्ता ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने ठंड से मौत होने की खबर वायरल कर दी।
अधिवक्ता यशवंत कुमार ने बताया कि मिश्रिख के बरेठी निवासी विजय कुमार (50) हरिजन एक्ट के मामले में पेशी के लिए न्यायालय परिसर आया था। अचानक कुर्सी पर बैठे-बैठे वह बेसुध हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से विजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने ठंड से मौत होने की आशंका जताई की। विजय की पुत्री एक निजी संस्थान में पढ़ाई करती है। जानकारी मिलने पर वह जिला अस्पताल पहुंची, जहां पर काफी देर तक उसने पोस्टमार्टम न कराने की बात कही। अस्पताल में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह भी पहुंचे। फिर गांव से अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद घरवाले पोस्टमार्टम कराने को राजी हो गए।
.....
भड़की कथित डॉक्टर
विजय की मौत के बाद शव को जिला अस्पताल लाया गया। इस दौरान सिर्फ उसकी पुत्री ही मौके पर थी। इस दौरान आंख अस्पताल का चिकित्सक बताकर एक महिला ने अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट भी मौजूद थे। हालांकि कुछ देर बाद वह शांत हो गई।
......
पेशी पर आए अधेड़ की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। ठंड से मौत होने की बात गलत है।
ज्ञानेंद्र द्विवेदी, एसडीएम सदर