खैराबाद/सीतापुर। मेवाती टोला के तालाब का 50 लाख की लागत से सौंदर्यीकरण होगा। तालाब के आसपास बांउड्रीवॉल, बैठने के लिए बेंचें व हाईमास्ट लाइटें लगवाई जाएंगी। नगर पालिका की ओर से मेवाती तालाब को पार्क के रूप में विकसित करने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर पालिका के मेवाती टोला में दशकों पुराना तालाब है। अवैध अतिक्रमण व देखरेख के अभाव में तालाब का अस्तित्व मिटने लगा था। तालाब को सरंक्षित करने के लिए नगर पालिका ने छह महीने पहले कार्य योजना बनाई थी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद 50 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया। नगर पालिका ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी करा दी। अब तालाब के सौन्दर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया है।
अधिशासी अधिकारी ह्रदयानंद उपाध्याय ने बताया कि तालाब के चारों तरफ बांउड्रीवॉल का निर्माण कराया जाएगा। तालाब में सीढि़यों के साथ परिसर भी जगमग होगा। मेवाती टोला के तालाब का सौन्दर्यीकरण कार्य शुरू होने से स्थानीय नागरिकों में खुशी है। तौफीक, कल्लू, जाहिद, लतीफ, चांदतारा, प्रदीप, अप्पू गुप्ता, अंकित, जयनेंद्र आदि ने कहा कि अब तालाब की सूरत बदलने के साथ इसे सरंक्षित भी किया जा सकेगा। शाम के समय आसपास के लोग तालाब पर सैर सपाटा करने भी आ सकते हैं।