हरगांव। थाना परिसर में बुधवार को क्षेत्रीय सर्राफा कारोबारियों की बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने कारोबारियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखें तो उस पर नजर रखें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को सूचना जरूर दें। कहा कि सुरक्षा को लेकर कोई भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। प्रत्येक व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों को सही हालत में रखें। यदि कहीं कोई तकनीकी खराबी है तो उसे जल्द से जल्द ठीक कराएं। बैठक में बड़ेलिया, उदनापुर, महादेव अटरा, सलारपुर, मेवा रामनगर व झरेखापुर क्षेत्र के सर्राफा कारोबारी शामिल रहे। व्यापारियों ने भी अपने-अपने अनुभव साझा किए।