लहरपुर (सीतापुर)। तालगांव कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवरिया में शनिवार को तेंदुए के पगचिह्न मिले थे। रविवार को वन विभाग ने कांबिंग की लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
ग्राम कसरैला-खैराबाद मार्ग पर ग्राम देवरिया के ग्रामीण रामस्वरूप, छत्रपाल, अंकित, छोटेलाल शनिवार देर शाम खेतों से वापस आ रहे थे। टार्च की रोशनी में जंगली जानवर को खेतों की ओर जाते हुए देखा। जिसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वन दरोगा राजकुमार ने पगचिह्नों को देखकर जंगली जानवर होने की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि पगचिह्न तेंदुए के लग रहे हैं। रविवार को कई गांवों में कांबिंग की गई लेकिन अभी तक तेंदुए की कोई लोकेशन नहीं मिली है। इससे ग्राम देवरिया, भुडक़ुड़ी, अमरापुर, मूसेपुर, सिघनिया, चकपुरवा व भव्वापुर आदि गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।