सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार 38 विद्यालयों को केंद्र की सूची से बाहर कर दिया गया है। पिछले साल इन स्कूलों में बोर्ड परीक्षाएं हुईं थीं। इनकी जगह पर नए विद्यालयों को मौका दिया गया है। इन स्कूलों को परीक्षा केंद्र की सूची से हटाने का कारण जिम्मेदार अफसर भी नहीं बता पा रहे हैं। विद्यालय प्रबंधक इसका कारण जानने के लिए शुक्रवार को दिनभर प्रयास करते रहे।
यूपी बोर्ड परीक्षा-2024 के लिए 158 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले साल की अपेक्षा अबकी छह केंद्र बढ़े हैं। इन केंद्रों में 33 राजकीय इंटर कॉलेज, 43 अशासकीय सहायता प्राप्त व 82 वित्तविहीन कॉलेज शामिल हैं। पिछले साल बोर्ड की परीक्षा कराने वाले 38 विद्यालयों को इस बार बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इनकी जगह पर वित्तविहीन व राजकीय इंटर कॉलेज को मौका दिया गया है। इन विद्यालयों के केंद्र बनने के बाद अब डीआईओएस दोबारा इनकी सुविधाओं का आकलन कराएंगे। बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची से नाम कटने के बाद स्कूल प्रबंधकों में खलबली मची है।
जिले में डिबार है तीन केंद्र
जिले में तीन विद्यालय डिबार की श्रेणी में शामिल है। इनमें हिन्दू कन्या पाठशाला, डीपी वर्मा मेमोरियल कॉलेज व जेएलएमडीजे कॉलेज खैराबाद शामिल है। यह केंद्र पिछले साल भी परीक्षा केंद्र नहीं बने थे। इन केंद्रों को डिबार घोषित करने के पांच साल तक इन पर प्रतिबंध रहेंगा।
250 से 1434 तक आंवटित हुए विद्यार्थी
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 158 केंद्र बने है। इन केंद्रों पर 250 से 1434 तक विद्यार्थी आंवटित किए गए है। इसमें सबसे अधिक विद्यार्थी आरबीएसबी इंटर कॉलेज कमलापुर में है। यहां पर 1434 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा सरस्वती विद्या मंदिर तरीनपुर में 1155 व जीजीआईसी सीतापुर में 1260 छात्राओं को भेजा गया है।
जारी हो गई है सूची
केंद्रों की सूची जारी हो गई है। 28 नवंबर तक प्रधानाचार्य इन पर आपत्तियां दर्ज करा सकते है। उसके बाद कोई आपत्ति नहीं ली जाएगी।
राजेंद्र सिंह, डीआईओएस