सीतापुर। नगर पालिका परिषद के प्रेमनगर वार्ड स्थित ब्रह्मपुरी मोहल्ले में लगभग दो दशक पूर्व निर्मित सड़क व नाली जर्जर हो गई है। आजाद अधिकार सेना के जिलाध्यक्ष नवल किशोर मिश्र ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें आरएमपी कॉलेज रोड से बीरू मिश्र के मकान तक लगभग 800 मीटर सड़क, नाली व पुलिया के निर्माण की मांग की गई। नवल किशोर ने बताया कि ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए डीएम ने नगर पालिका के प्रभारी ईओ को जर्जर सड़कों का सर्वे कराने तथा उक्त सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बनवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मोहल्ले की हाईमास्ट को भी तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। (संवाद)