रामपुर मथुरा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक अधूरे पड़े नाले में डूबकर एक मासूम लापता हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। रामपुर मथुरा कस्बे में जिला पंचायत द्वारा एक नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार ने इस नाले को पत्थर डालकर ढकने के स्थान पर पक्की छत बना दी है। बीच-बीच में एक से डेढ़ फिट की जगह छोड़ दी गई है। शुक्रवार शाम कस्बे से सटे टपरा गांव निवासी नवी अहमद (3) खेलते-खेलते इसी नाले के खुले हिस्से में गिर गया।
घटना की जानकारी होते ही लोगों ने बच्चे को तलाशना शुरू कर दिया। आननफानन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गोताखोरों ने नाले में मासूम को ढूंढने का काफी प्रयास किया। लेकिन काफी दूरी नाले पर छत पड़ी होने के कारण मासूम बच्चे की तलाश नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाले पर पूरी छत पड़ी होती या थोड़ी दूर पर ढक्कन डाले गए होते तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी। एसओ सीपी त्रिवेदी ने बताया कि तलाश जारी है। (संवाद)