पिसावां। इलाके के वजीरनगर गांव में बृहस्पतिवार रात पिकअप से कुचलकर मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग गया।
गांव निवासी रानी गर्मी के चलते बृहस्पतिवार रात डेढ़ वर्षीय बेटी लक्ष्मी के साथ घर के सामने पीपल के पेड़ के नीचे बैठी थीं। इसी बीच रानी नित्यक्रिया के लिए चली गईं। लक्ष्मी वहीं बैठी थी। रानी लौट रही थीं। तभी देखा कि एक पिकअप डाला लक्ष्मी को कुचलते हुए निकल गया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लक्ष्मी को सीएचसी पिसावां पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।