फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: सपा के दिग्गज नेता का उद्योगपति बेटा भाजपा में शामिल

Tue, 02 May 2023 11:31 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
नैमिषारण्य (सीतापुर)। निकाय चुनाव के लिए मतदान से महज 48 घंटे पहले न सिर्फ मिश्रिख-नैमिषारण्य बल्कि जिले की सियासत में बड़ा उलटफेर हो गया। समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता रहे ओम प्रकाश गुप्ता के उद्योगपति बेटे आशीष गुप्ता ने पत्नी और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मंगलवार को नैमिषारण्य में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। आशीष गुप्ता के भाजपा में शामिल होने से वैश्य समाज में बड़ा संदेश गया है और कहीं न कहीं इसका प्रभाव पूरे जिले में पड़ेगा।
विज्ञापन

जनपद की राजनीति में ओम प्रकाश गुप्ता का खासा दबदबा रहा है। वह मिश्रिख नगर पालिका के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र से वह पांच बार विधायक भी रहे। उनके बड़े पुत्र अनूप गुप्ता भी दो बार विधायक रहे और सपा की राजनीति में सक्रिय हैं।
नैमिषारण्य मिश्रिख नगर पालिका चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए वरिष्ठ नेता राजीव रंजन मिश्र ने ओम प्रकाश गुप्ता के परिवार को भाजपा में लाने की कवायद शुरू की थी। नैमिषारण्य में स्थित गायत्री पीठ में आयोजित समारोह में ओम प्रकाश गुप्ता के छोटे पुत्र आशीष गुप्ता भाजपा में शामिल हो गए। उनकी पत्नी प्रियंका गुप्ता और बड़ी संख्या में समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए।
विज्ञापन


इस दौरान आशीष गुप्ता ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों ने हर देशवासी के दिल को छुआ है। भाजपा शासन काल में समाज के सभी तबके के लोगों को विकास के समान अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि पिता की तरह क्षेत्र की जनता के लिए भाजपा में रहकर जन कल्याण के कार्य करेंगे। आशीष के भाजपा में शामिल होने के दौरान क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव, मिश्रिख के ब्लाॅक प्रमुख राम किंकर पांडेय, जिला मंत्री सुधीर सिंह, महंत विद्यानंद, महंत ननकूदास, स्वामी विद्या चैतन्य, कालीपीठाधीश, गोपाल शास्त्री, व्यास पीठाधीश प्रतिनिधि कपिल शास्त्री, भाजपा के नैमिषारण्य मंडल अध्यक्ष सतीश शास्त्री आदि मौजूद रहे। भाजपा के मीडिया प्रभारी पवन सिंह शिल्पी ने बताया कि पूर्व सभासद राकेश दीक्षित ने भी भाजपा की सदस्यता ली है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें