सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में हाजिरी बढ़ाने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का धरातल पर कम ही असर दिखाई दे रहा है। निपुण भारत मिशन के तहत हुई मॉनीटरिंग में पांच ब्लॉक ऐसे मिले है जिनकी हाजिरी का प्रतिशत 50 फीसद से भी कम निकला है। 60 फीसद हाजिरी किसी भी ब्लॉक में नहीं मिली है।
यह हाल तब है जब सौ फीसद लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। रेउसा में सबसे कम महज 41 फीसद ही नौनिहाल विद्यालय जा रहे है। परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों का स्कूल में ठहराव सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। निपुण भारत मिशन के तहत सौ फीसद हाजिरी का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए शिक्षकों, नौनिहालों व अभिभावकों की बराबर मीटिंग करके जागरूक किया जा रहा है।
इस समय एक एलईडी वैन भी पूरे जिले में घूमकर अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित कर रही है। बावजूद इसके यह सब प्रयास भी नौनिहालों को स्कूलों की तरफ आकर्षित नहीं कर पा रहे हैं। इसके लिए प्रत्येक विकासखंड के नौनिहालों की हाजिरी की मॉनीटरिंग कराई गई। इसमें पांच ब्लॉक ऐसे मिले है जिनमें हाजिरी का प्रतिशत 50 फीसद से भी कम निकला है। जबकि अन्य 14 ब्लॉक की हाजिरी भी 55 फीसद तक ही पहुंची है।
यह है हाजिरी का प्रतिशत
बेहटा 43 प्रतिशत, बिसवां 52 प्रतिशत, एलिया 53 प्रतिशत, गोंदलामऊ 48 प्रतिशत, हरगांव 56 फीसद, कसमंडा 55 प्रतिशत, खैराबाद 52 फीसद, लहरपुर 52 फीसद, मछरेहटा 52 फीसद, महमूदाबाद 53 फीसद, महोली 49 प्रतिशत, मिश्रिख 51 फीसद, पहला 58 फीसद, परसेंडी 53 फीसद, पिसावां 49 फीसद, रामपुर मथुरा 50 फीसद, रेउसा 41 फीसद, सकरन 49 प्रतिशत व सिधौली विकासखंड 55 प्रतिशत है।
हो रहे है प्रयास
स्कूलों में हाजिरी बढ़ाने के लिए बराबर प्रयास किए जा रहे है। शिक्षकों अभिभावकों को जागरूक कर रहे है। जिन ब्लॉकों में कम हाजिरी हो रही है। वहां पर इसे बढ़ाने के लिए बीईओ को निर्देशित कर दिया गया है।
अजीत कुमार, बीएसए