भाजपा नेता के अवैध अस्पताल को सील किया गया।
- फोटो : amar ujala
स्वास्थ्य विभाग की टीम के निरीक्षण के दौरान कस्बे में एक भाजपा नेता के घर पर अवैध रूप से अस्पताल संचालित मिला। अस्पताल में प्रसव कराए जा रहे थे। भर्ती मरीज को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं, अस्पताल में छापे के दौरान सभी कर्मचारी नदारद मिले। इस पर अस्पताल को सील कर दिया गया है।
विकास खंड ऐलिया के इमलिया सुल्तानपुर में सीतापुर-गोला मार्ग पर भाजपा नेता के आवास पर सांई सेवा अस्पताल चल रहा था। डीएम के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. एमएल गंगवार ने शुक्रवार को छापा मारा। निरीक्षण करने पर अस्पताल में मिथिलेश निवासी उदयपुर गयाहार भर्ती मिली, जिसका प्रसव ऑपरेशन करके किया गया था। उसे तुरंत सीएचसी एलिया लाया गया। तबियत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सुमित शुक्ला ने बताया कि सांई सेवा अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहा था। निरीक्षण में अस्पताल मानकों को पूरा नहीं कर रहा था। फॉर्मेसी भी अवैध रूप से चल रही थी। मौके पर कोई चिकित्सक व कर्मचारी नहीं मिला। इस पर अस्पताल को सील कर दिया गया है। छापे के दौरान प्रशासनिक अधिकारी अधिकारी अचल विभू त्रिपाठी व एसआई बाबू खां, फार्मासिस्ट धीरेंद्र श्रीवास्तव, वीरेंद्र गुप्ता, कबीर आदि मौजूद रहे।
आशा बहुओं के नाम की डायरी मिली
छापे के दौरान आशा बहुओं के नाम व मोबाइल नंबर वाली डायरी भी मौके पर मिली। जिससे मौजूद अधिकारियों ने अंदेशा जताया कि आशा बहुओं की साठगांठ से प्रसव वाली महिलाओं को यहां भर्ती किया जाता है व मरीजों से पैसा वसूला जाता है।