स्वास्थ्य अधिकारियों ने लहरपुर में सील किया अस्पताल- संवाद
लहरपुर। डीएम के निर्देश पर गठित स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को 10 अस्पतालों की जांच की। एक अस्पताल व एक पैथोलॉजी को अवैध संचालित होने पर सील कर दिया गया। नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. एमएल गंगवार व दिनेश त्रिपाठी, नायब तहसीलदार अशोक कुमार यादव व सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद वाजपेयी ने केशरीगंज स्थित गैलेक्सी अस्पताल की जांच की। आवश्यक प्रपत्र न मिलने पर अस्पताल को सील कर दिया गया। इसके बाद टीम श्री खाटू श्याम अस्पताल पहुंची मगर वो बंद मिला। टीम ने कोतवाली मार्ग स्थित लहरपुर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल व ट्रॉमा सेंटर की जांच की। यहां डॉक्टर के द्वारा एक सीजर किया गया था लेकिन अस्पताल का रजिस्ट्रेशन नहीं था। इस पर नोटिस देते हुए दो दिन के अंदर आवश्यक प्रपत्र दिखाने के निर्देश दिए। टीम ने गन्नी टोला स्थित अल्फा हॉस्पिटल की जांच की। जिसका पंजीकरण मिला। टीम ने छावनी पुलिया स्थित डॉ. एमआई बेग हॉस्पिटल की जांच की गई जो पंजीकृत पाया गया। पड़ोस में संचालित मेडी केयर हॉस्पिटल व मेडिक्स हॉस्पिटल बंद मिले। कोलैब डायग्नोस्टिक सेंटर का नवीनीकरण न मिलने पर उसे सील कर दिया गया। (संवाद)