सीतापुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में चिकित्सक बहुत ही लापरवाही बरत रहे हैं। रविवार को समय से पहले ही शहर स्वास्थ्य केंद्र बंद हो गए। इससे तमाम मरीज बिना इलाज के लौट गए। मेले का आयोजन जनपद के 66 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इस्माइलपुर 2.30 बजे बंद मिला। अस्पताल के बाहर खड़े हर्ष ने बताया पेट दर्द की समस्या थी। दवा लेने आया था। लेकिन अस्पताल बंद हो गया है। वैसे चार बजे तक खुलता था। इसी तरह महेश भी बिना इलाज के लौट गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गापुरवा भी 2.37 पर बंद मिला। मरीज रमेश ने बताया सीने में दर्द हो रही थी। दवा लेने आया था। अब यहां कोई नहीं है। इसी तरह अन्य केंद्र भी समय से पहले बंद मिले।
दवाओंं का भी रहा संकट
शहर सहित ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। पिसावां उपकेंद्र पर दवा लेने आई रामकली ने बताया सीने में जलन हो रही थी। लेकिन दवा नहीं मिली। डॉक्टर ने बताया बाहर से दवा खरीद लेना। खैराबाद उपकेंद्र पर पहुंची उर्मिला ने बताया खुजली हो रही थी। लेकिन इसकी कोई दवा नहीं मिल सकी है।
होगी कार्रवाई
अगर समय से पहले स्वास्थ्य केंद्र बंद हो रहे है तो इसकी जांच करवाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. हरपाल सिंह, सीएमओ