सिधौली। कोतवाली सिधौली क्षेत्र में कस्बा स्थित एक निजी अस्पताल पर एक युवक को गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगा है। आरोप है कि मना करने के बावजूद अस्पताल में उसे एक इंजेक्शन लगाया गया। जिसके पांच मिनट बाद युवक की मौत हो गई।
कोतवाली सिधौली क्षेत्र के जड़ौरा गांव निवासी विमलेश रावत (40) को दो दिन पूर्व हल्का बुखार आया था। कमजोरी बहुत थी। बुधवार को हाथ-पैरों में तेज दर्द हुआ। तब विमलेश परिजनों के साथ करीब सुबह नौ बजे बिसवां चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल में दिखाने गए। वहां उन्होंने बताया कि उन्हें इंजेक्शन सूट नही करता है। इसके बावजूद चिकित्सक की अनुपस्थिति में पैरा मेडिकल स्टाफ ने इंजेक्शन लगा दिया।
आरोप है कि इंजेक्शन लगाते ही युवक को बेचैनी हुई और उनकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने हालत गंभीर होने की बात कहकर दूसरी जगह जाने को कह दिया। इसके बाद परिजन युवक को लेकर एक अन्य निजी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने काफी देर पूर्व ही युवक की मौत होने की बात परिजनों को बताई। मृतक के ममेरे भाई सुशील रावत ने बताया कि अभी युवक का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से मौत हुई है। वहीं, अस्पताल की संचालिका डॉ ऋतु जैन ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। वह लखनऊ में हैं। जानकारी करके ही कुछ बता पाएंगी।