गुरुवार सुबह कोहरे के बीच गुजरती ट्रेन। -संवाद
- फोटो : SITAPUR
रेउसा (सीतापुर)। कोहरे के कारण बुधवार देर रात एक बस सड़क किनारे खड्ड में उतर गई। हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया। वहां से पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बस में करीब 70 लोग छत्तीसगढ़ मजदूरी करने जा रहे थे।
तंबौर थाना क्षेत्र के भिठना कला गांव निवासी ठेकेदार श्रीराम व संतराम निजी बस बुक कराकर भिठना कला, दलपतपुर व कुशमौरा गांव के करीब 70 लोगों को छत्तीसगढ़ मजदूरी के लिए ले जा रहे थे। देर रात करीब साढ़े नौ बजे रेउसा-तंबौर हाईवे पर इटौरी पुलिया के पास तेज रफ्तार बस सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने में अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खड्ड में उतर गई। कोहरा अधिक होने के कारण चालक को सही दिखाई नहीं दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बस से बाहर निकाला गया। हादसे में थाना तंबौर के भिठना कला गांव निवासी श्रीराम, संतराम, नेकराम, संतोष, राकेश, माया देवी सहित 25 लोग घायल हो गए। इन्हें चार एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रेउसा ले जाया गया।
वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद संतोष (35), लाला (44), संतराम (46), नेकराम (45), श्रीराम (40) को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई। एसओ मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खड्ड में उतर गई थी। वहां पानी भरा हुआ था। घायलों का इलाज जारी है।