सीतापुर। सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले की 1250 जरूरतमंद बेटियों की शादी कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए ब्लॉक स्तर से जोड़ों का चयन कर समाज कल्याण विभाग को प्रस्तावित सूची भेजी गई है। अब उनका रेंडम आधार पर सत्यापन कराया जाएगाा। इसकी शुरुआत 12 फरवरी से होगी। इसके बाद पात्र जोड़ों के लिए विवाह की तिथि तय की जाएगी।
सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा 51 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। बेटी के खाते में 35 हजार भेजने के साथ ही शेष धनराशि विवाह उपयोगी सामग्री और मंडप सजाने आदि में खर्च की जाती है। सभी ब्लॉकों से बीडीओ और एडीओ पंचायत की ओर से प्रस्तावित 1250 जोड़ों का चयन कर सूची भेजी गई है। इन जोड़ों का रैंडम आधार पर स्थलीय सत्यापन कराया जाना है।
इसके लिए विभाग के पर्यवेक्षकों, छात्रावास अधीक्षक, सहायक लेखाकार और पटल सहायकों जिनकी संख्या 19 है, उनको ब्लॉकवार जिम्मेदारी दी गई है। इनकी ओर से प्रस्तावित जोड़ों का 12 से 15 फरवरी तक स्थलीय सत्यापन करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध करानी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार ने बताया कि प्रस्तावित जोड़ों की सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद पात्रों की संख्या के आधार सामूहिक विवाह के आयोजन की तिथि का निर्धारण किया जाएगा।