लहरपुर (सीतापुर)। थाना तालगांव इलाके में मंगलवार चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोरों ने दो घरों से तीन लाख रुपये का माल पार कर दिया। एक घर से माल चोरी करने में असफल रहे। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
क्षेत्र के गांव मेंहदीपुरवा निवासी रामलखन के घर में चोरों ने पीछे की ओर से चढ़कर प्रवेश किया। चोरों ने उस कमरे में कुंडी लगा दी, जिसमें परिजन सो रहे थे। इसके बाद उन्होंने ढाई लाख रुपए के जेवरात और कपड़े चोरी कर लिए। खटपट की आवाज पर गृहस्वामी व अन्य परिवार के लोग शोर मचाने लगे। चोर मौके से भाग गए।
चोरों ने इसी गांव के विमलेश दीक्षित के घर को निशाना बनाया। वहां से चोरों ने 50 हजार रुपये के बर्तन चोरी कर लिए। चोरों ने यहीं के सुरेश के घर को भी निशाना बनाया। चोर यहां चोरी करने में असफल रहे। सभी पीड़ितों ने ग्राम मेहंदी पुरवा में बने पुलिस पिकेट पर मौजूद सिपाहियों को घटना की सूचना दी। सिपाहियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों को शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। सीओ सुजीत कुमार दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।