मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने दो घरों से दो लाख का माल लूट लिया। शोर मचाने पर बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की बात कही है।
चंद्रावल निवासी सपना दुबे अपने घर में बच्चों के साथ सो रही थीं। शनिवार रात आहट पाकर उनकी नींद खुल गई। इसी बीच तीन बदमाश अचानक उसके सामने आ गए। बंधक बनाकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने पीड़िता के आंखों के सामने से ही अलमारी में रखे करीब एक लाख के जेवरात और 50 हजार रुपये निकाल लिए। घबराई हुई पीड़िता ने पड़ोस के संजय को घटना की जानकारी देने के लिए फोन किया तो पता चला कि बदमाशों ने उसके घर से भी करीब 50 हजार रुपये का माल पार कर दिया है।
सुबह हाेने पर पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों घरों से कुल दो लाख का माल पार किए जाने की बात सामने आई है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।