औरंगाबाद (सीतापुर)। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत चयनित गोंदलामऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत औरंगाबाद में दो वाहनों से डोर टू डोर कूड़ा एकत्र करने के कार्य शुरू किया गया है। सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग लेकर इसे ठोस, द्रव्य एवं अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र पर पहुंचाया जा रहा है। इससे गांव का स्वच्छ बनाया जा रहा है।
औरंगाबाद ग्राम पंचायत की ओर से दो कूड़ा गाड़ी चलाई जा रही हैं। जो डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य कर रही हैं। शहरी इलाके की तर्ज पर शुरू हुए इस कार्य की ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ बनाने में सहयोग का संकल्प भी लिया। ग्राम पंचायत में प्रत्येक घर से सुबह पांच से नौ बजे तक कूड़ा वाहन से सूखे और गीले कचरे का उठान किया जा रहा है। प्रति घर प्रति माह 30 रुपये और दुकानों से 50 रुपये प्रतिमाह शुल्क रखा गया है।
कूड़े को गांव में बने आरआर सेंटर पर ले जाकर कूड़े की छटनी कर सेंटर में बने अलग-अलग काॅलमों में रखा जाता है। ग्रामवासियों ने इस पायलेट प्रोजेक्ट को प्रारंभ कराने पर प्रधान नफीस अहमद व उनके प्रतिनिधि आकिफ रब्बानी के प्रयास को सराहा है। आकिफ ने पीएम के स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार करने में ग्रामवासियों से सहयोग की अपील की। इस मौके पर शकील गाजी, अंकित सैनी, इरसादू, रवि कुमार, अर्जुन मौजूद रहे।