सीतापुर। होली के पर्व के उपलक्ष्य में बाजार सज चुके हैं। रंग, पिचकारी, कपड़े, खाद्य सामग्रियों की खरीदारी के लिए बाजार में भीड़ उमड़ने लगी है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान का खाका खींचा है। रूट डायवर्जन के साथ बैरियर लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इससे भीड़भाड़ वाली जगहों पर वाहन का दबाव नहीं रहेगा। होली से दो दिन पहले 22 मार्च से इस प्लान को लागू कर दिया जाएगा।
होली पर्व की खुमारी लोगों पर छाने लगी है। शहर के मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है। होलिका दहन को देर रात तक बाजार में भीड़ रहने की संभावना है। ऐसे में यातायात विभाग ने अपना रूट चार्ट तैयार कर लिया है। 22 मार्च से शहर के खास स्थानों पर ई-रिक्शा की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। क्योंकि, अधिकांश जगह यह ई-रिक्शा ही जाम का कारण बनते हैं। इसके साथ ही लालबाग चौराहे से घंटाघर मार्ग तक पूरी तरह से चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यहां स्थानीय यातायात पुलिसबल भी तैनात रहेगा।
यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि होलिका दहन के दो दिन पहले यह परिवर्तित प्लान लागू कर दिया जाएगा। जिससे लोेगों को कोई परेशानी न हो। बाजार आने वाले लोगाें के लिए एक पार्किग स्थल को भी निर्धारित किया गया है। वहीं, वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
पांच मार्गों से ई-रिक्शा का डायवर्जन
सीओ सिटी अमन सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा को प्रमुख पांच मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। जिससे मुख्य बाजार में भीड़ न हो। इसमें बस अड्डे से आने वाले ई-रिक्शा ट्रांसपोर्ट चौराहे से मोड़ दिए जाएंगे। चुंगी चौकी से आने वाले ई-रिक्शा को जीआईसी चौराहे पर रोक दिया जाएगा। वे तरणताल से गुजरेंगे। अग्रसेन पार्क के पास से ई-रिक्शा को आगे जाने नहीं दिया जाएगा। वहीं उजागर लाल से भी ई-रिक्शा को रोका जाएगा ताकि वे अस्पताल मार्ग पर अधिक आवाजाही न करें। पुलिस लाइन गेट नंबर चार से भी ई-रिक्शा को रोक दिया जाएगा।
130 पुलिसकर्मी संभालेंगे यातायात व्यवस्था
इस ट्रैफिक प्लान की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यातायात के 30 कांस्टेबलों को लगाया जाएगा। इनके साथ ही 100 होमगार्ड भी तैनात किए जाएंगे। इन्हें रोस्टर के अनुसार चक्रानुक्रम में तैनात किया जाएगा। जो कि ड्यूटी बदलकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
भारी वाहनों का भी प्रवेश वर्जित
शहर में दिन के साथ रात में भी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। इसके अलावा आलाेक जौहरी के अस्पताल, नैपालापुर चौराहा, घंटाघर चौराहा पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोकने का काम किया जाएगा।
- फरीद अहमद, यातायात निरीक्षक
उजागर लाल इंटर कॉलेज के सामने लगी होलिका।