क्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिले डॉ. अम्मार रिजवी। स्रोत: स्वयं
महमूदाबाद। पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिजवी ने नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान सीतापुर एवं उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. अम्मार रिजवी ने रक्षामंत्री का ध्यान सीतापुर में कैंटोनमेंट की भूमि पर रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत डिफेंस कॉरिडोर योजना के तहत कारखानों की स्थापना की ओर आकर्षित किया। इस पर रक्षामंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार इस भूमि की सिफारिश करती है तो प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है। डॉ. रिजवी ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखने एवं वार्ता करने की भी बात कही। इसके अलावा डॉ. रिजवी ने महमूदाबाद में एक विश्वविद्यालय की स्थापना तथा सीतापुर में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की मांग भी रखी। इन विषयों पर मुख्यमंत्री से बातचीत करने का अनुरोध किया। डॉ. अम्मार रिजवी ने भारतीय नौसेना में तीन बड़े युद्धपोत शामिल किए जाने पर रक्षामंत्री को हार्दिक बधाई दी और इसे देश की रक्षा शक्ति में महत्वपूर्ण वृद्धि बताया।