मिश्रिख दधीच कुंड तीर्थ में मरी मछलियां। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख के दधीचि कुंड में ऑक्सीजन की कमी से मछलियों के मरने का सिलसिला लगातार दूसरे दिन जारी रहा। सोमवार को भारी तादाद में मछलियां मर गईं। नगर पालिका प्रशासन ने इनको कुंड से निकलवा दिया है।
मिश्रिख के दधीचि कुंड में लगातार मछलियों के मरने की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है। एक दिन पहले ही रविवार को हजारों मछलियां मर गईं थीं। सुबह जब श्रद्धालु कुंड पहुंचे तो मछलियां पानी पर उतरा रही थी। नगर पालिका की तरफ से चूने का छिड़काव व ऑक्सीजन की गोली डालने की बात कही गई थी लेकिन सोमवार को फिर से घटना की पुनरावृत्ति हो गई।
सुबह जब श्रद्धालु कुंड पर मछलियों को भोजन खिलाने पहुंचे तो सतह के तमाम मरी मछलियां उतरा रही थी। इसको देखकर श्रद्धालुओं ने नगर पालिका को सूचना दी। इन मछलियों को कुंड से बाहर निकलवाकर वहां से हटवा दिया गया। लगातार दो दिन से मर रही मछलियों से यहां के श्रद्धालुओं में आक्रोश है। श्रद्धालुओं का कहना है कि अगर अफसरों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन होगा।
एसडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि कुंड में मछलियां मर गईं थीं। ऑक्सीजन की कमी से उनकी मौत हुई है। कुंड में ऑक्सीजन की गोलियां डलवा दी गईं हैं।