रामकोट (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बुधवार भोर तीन दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चपेट में आकर करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जल गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मधवापुर चौराहे पर दो भाइयों जुगल किशोर मिश्रा व नंदकिशोर की तीन दुकानें हैं। एक दुकान में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया। हादसे में जुगल किशोर की लाइट एंड टेंट हाउस की दुकान व नंदकिशोर की मोबाइल व किराना की दुकान जल गई। ग्रामीणों ने सुबह करीब चार बजे दुकान स्वामियों को हादसे की सूचना दी।
पास में लगे पंप से आग को बुझाने का प्रयास किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने लपटों पर काबू पाया। जुगल ने बताया कि 23 मई को दुकानों का बीमा समाप्त हो चुका था। अचानक हुए इस अग्निकांड ने काफी नुकसान हो गया।