सीतापुर। जिले में लोकनिर्माण विभाग ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाने पर ढाई माह पहले एक किसान नेता समेत दो लोगों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किसान नेताओं ने मामले की जांच कराने की मांग की है।
बीती चार मार्च को लोकनिर्माण विभाग के खंड चार के अवर अभियंता अतुल कुमार द्विवेदी ने पुलिस को तहरीर देकर गुरुपाल सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ इमलिया सुल्तानपुर थाने में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि सीतापुर मुंशीगंज बड़ा गांव मार्ग के नवीनीकरण का काम चल रहा है।
25 फरवरी को सुनियोजित ढंग से सड़क की गिट्टी उखाड़ते हुए गुणवत्ता पर सवाल करते हुए फोटो और वीडियो ट्वीट किया गया। 26 फरवरी को हुई जांच में गुणवत्ता सही मिली।
विभाग की छवि धूमिल करने और कार्य बाधित करते हुए सरकारी संपत्ति का नुकसान करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। बृहस्पतिवार को किसान नेता पिंदर सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मिल कर कार्रवाई की मांग की।