रामकोट (सीतापुर)। खाना खाने के बाद सड़क किनारे टहल रहे किसान पर गन्ना लदी एक टैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
लोधौरा गांव निवासी विशाल (25) खेती करता था। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर वह शुक्रवार देर रात खाना खाने के बाद टहल रहा था। इसी दौरान उधर से निकली गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई।
विशाल भी इसकी चपेट में आकर ट्राॅली के नीचे दब गया। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मशक्कत कर ट्रैक्टर ट्राली को सीधा किया गया, लेकिन तब तक नीचे दबे विशाल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।