सीतापुर के तंबौर थाने पहुंचा पीड़ित परिवार। - संवाद
तंबौर (सीतापुर)। दबंगों पर कोई कार्रवाई न होने से परेशान एक परिवार बुधवार को थाने पर आत्मदाह के लिए पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंचा। ये देखकर पुलिस विभाग में अफरातफरी मच गई। एक पुलिसकर्मी ने युवक के हाथ से बोतल पकड़ कर छीन ली। पुलिस ने तुरंत ही पीड़ितों से तहरीर लेकर उनको कार्रवाई का आश्वासन दे दिया है।क्षेत्र के गांव असईपुर निवासी प्यारेलाल ने अपने खेत की पैमाइश करवाकर गन्ने की बुआई की थी। खेत में लगा गन्ना खोदकर दबंगों ने फेंक दिया। विरोध करने पर जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसडीएम लहरपुर तक की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने यह भी बताया कि 25 फरवरी को खेत की पैमाइस लेखपाल व कानूनगो की मौजूदगी में कराई गई थी। जिसमे मेढ़बंदी भी की गई थी।
कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ित अपना पूरा परिवार लेकर तंबौर थाने पहुंच गया। इन लोगों के पास पेट्रोल की एक बोतल भी थी। पीड़ित पक्ष का कहना था कि उनको यदि न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह कर लेंगे। हाथ में बोतल पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मी ने पीड़ित पक्ष से पेट्रोल की बोतल अपने कब्जे में ले ली। इंस्पेक्टर सुरेश पटेल ने बताया मामले में तहरीर मिली है। कार्रवाई की जा रही है।