सीतापुर। होली के उल्लास में हर कोई सराबोर है। हर तरफ रंगोत्सव की रौनक छा गई है। बच्चों से लेकर बड़ों तक में उत्साह दिख रहा है। शहर के बाजार होली की खरीदारी को लेकर गुलजार हैं। शनिवार को दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। सुबह से लेकर देर रात तक लोग खरीदारी करने में जुटे रहे। कपड़े, रंग-गुलाल व मिठाई की दुकानों पर अधिक भीड़ रही। रविवार को होलिका दहन के बाद सोमवार को रंग खेला जाएगा।
रंगों के इस त्योहार को यादगार बनाने के लिए हर कोई अपने-अपने ढंग से तैयारी करने में जुटा है। रंगों का पर्व होली 25 मार्च को है। इसे लेकर शहर के लालबाग बाजार में शनिवार को गहमागहमी रही। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। इस समय कपड़े की दुकानों पर खूब भीड़ हो रही है। महिलाएं जहां साड़ी खरीदने में व्यस्त हैं, वहीं, लड़कियां सलवार सूट व तरह-तरह के डिजाइनर सूट खरीद रही हैं। महिलाएं साड़ी पसंद करने के बाद मैचिंग के आभूषण व शृंगार सामग्री भी खरीद रही हैं।
चूड़ी वाली गली में इस समय रात 10 बजे तक रौनक बनी रहती है। कपड़ा व्यापारियों ने बताया कि अधिकतर महिलाएं एक हजार से लेकर दो हजार रुपये की साड़ी अधिक पसंद कर रही हैं। लड़के जींस, डेमेज जींस, शर्ट व टीशर्ट को वरीयता दे रहे हैं। युवतियां अपनी पसंद के सूट खरीदने में मशगूल हैं। इसके अलावा रंग, गुलाल, गुझिया, चिप्स, पापड़ व मिठाई की बिक्री भी खूब हो रही है।
इस बार रंग के मुकाबले गुलाल को अधिक पसंद किया जा रहा है। बाजार में कई तरह के गुलाल धूम मचा रहे हैं। हर्बल गुलाल की मांग अधिक है। शहर में कई स्थानों पर मुखौटे पहनकर बच्चे और युवा शनिवार को ही रंग गुलाल उड़ाने में मस्त नजर आए। निजी संस्थानों के युवक-युवतियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। नौकरी व रोजगार को लेकर घर से बाहर रहने वाले परिवार भी होली मनाने के लिए लौट आए हैं। इससे शहर की हर गली में इन दिनों चहल-पहल बनी हुई है।
रविवार रात 11:13 से 12:27 बजे तक होलिका दहन
रंग-गुलाल के बीच भाईचारे को बढ़ावा देने वाले इस पर्व में परंपराओं की रस्में भी निभाई जाती हैं। शहर के लालबाग, नईबस्ती, होलीनगर, तरीनपुर, प्रेमनगर, विजयलक्ष्मी नगर इत्यादि प्रमुख स्थानों पर होलिका दहन का आयोजन किया जाता है। होलिका दहन वाले स्थान पर आकर्षक सजावट की जाती है। शुभ मुहूर्त पर महिलाएं एकत्र होकर विधिविधान से पूजन करती हैं जिसके बाद होलिका दहन की रस्म निभाई जाती है। नैमिष के आचार्य रमेश शास्त्री ने बताया कि रविवार रात 11:13 बजे से 12:27 बजे के मध्य होलिका दहन का मुहूर्त है।
रंग-गुलाल की हुई खरीदारी
शहर में होली को लेकर रंगों का बाजार सज गया है। लालबाग बाजार से लेकर आंख अस्पताल तक हर तरफ रंग-गुलाल की दुकानें लगी हैं। शनिवार को लोग रंग-गुलाल खरीद रहे थे। मोदी, योगी, मलिंगा का मुखौटा भी खरीदा। बच्चे टैंकर, बीन व हथौड़ा पिचकारी खरीदकर खुश नजर आए। व्यापारियों ने बताया कि अधिकतर लोग रंगों के बजाय गुलाल खरीद रहे हैं।
चिप्स, पापड़ व नमकीन की हुई बिक्री
होली को लेकर लोग कई तरह के खाने-पीने की सामग्री खरीदते हैं। इसको लेकर वह तमाम तरह के व्यंजन खरीदते हुए नजर आए। बाजार में चिप्स, पापड़ व नमकीन की दुकानों पर अधिक भीड़ रही। मिठाइयों की भी जमकर बिक्री हुई। कोई ड्राईफ्रूट्स खरीद रहा था तो कोई उपहार में देने के लिए मिठाई की पैकिंग करा रहा था।
किराना दुकानों पर भी उमड़े लोग
किराना की दुकानों पर भी देर शाम तक भीड़ रही। होली को लेकर घरों में पकवान बनवाने के लिए लोग आटा, चावल, घी, तेल सहित अन्य जरूरी सामग्री की खरीदारी करते दिखे। व्यापारियों ने बताया कि सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ जुटी। कोई बैग में सामान लेकर जा रहा था तो कोई बोरी में सामान रखकर घर पहुंच रहा था।
गुलकंद व गुझिया की फैली खुश्बू
होली का पर्व गुझिया के बगैर अधूरा है। घरों में लोग गुझिया बनाते हैं तो काफी लोग बाजार से खरीदारी करते हैं। बाजार में हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए गुझिया की कई वैराइटी उपलब्ध हैं। विक्रेता अभिषेक जिंदल ने बताया कि गुलकंद, केसर, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स, मलाई के अलावा वेपर गुड्स गुझिया बाजार में मौजूद हैं। यह गुझिया 450 रुपये से लेकर 2400 रुपये प्रति किलो तक में मिल रही हैं। वेपर हाउस गुझिया पिस्ता के वर्क में है। इसमें खोवा के साथ ड्राई फ्रूट्स इत्यादि भरकर बनाया गया है। इसकी कीमत 2400 रुपये प्रति किलो है।
छात्र-छात्राओं ने खेला रंग
खैराबाद। जमैय्यतपुर कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को रंगों से सराबोर किया। प्रधानाचार्य योगेंद्र पांडेय ने सभी छात्र-छात्राओं के माथे पर तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अर्चना मिश्रा, आरती अग्निहोत्री, मोनिका गुप्ता, रागिनी श्रीवास्तव, स्मिता गुप्ता, संदीप तिवारी, ताहिरुन्निसा, गीता भार्गव, मनोज कुमार, शिल्पी मिश्रा, अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।