परसेंडी। कोतवाली तालगांव क्षेत्र के न्यामूपुर कला गांव में रविवार को राजस्व विभाग की टीम ने नवीन परती की भूमि से कब्जा हटवा दिया। कब्जामुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। गाटा संख्या 1147 की 0.324 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है। आरोप है कि बरकत अली ने इस पर कब्जा कर मकान बना लिया था। तहसीलदार (न्यायिक) न्यायालय के 28 मार्च के आदेश के अनुपालन में कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। तहसीलदार मनीष त्रिपाठी, नायब तहसीलदार दीनानाथ यादव व सूरज भारती समेत राजस्वकर्मी मौजूद रहे।