सीतापुर। आजादी के 75 साल बाद मिश्रिख के बहुती गांव में गुरुवार को बिजली पहुंची तो ग्रामीणों के चेहरे खुशी से चमक उठे। यहां 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाकर गांव के 18 घरों में विद्युतीकरण कराया गया।
ग्रामीण सोहन ने बताया कि आज जब घर में लालटेन की जगह बल्ब जला तो एक अलग तरह की खुशी महसूस हो रही है। अधिशासी अभियंता द्वितीय दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि हमारे कागजों में सिर्फ इसी गांव में विद्युतीकरण बाकी रह गया था। इसे पूरा कर दिया गया। अब कागजों पर सीतापुर में कोई गांव विद्युतीकरण से अछूता नहीं है।
आज आ सकते हैं मंत्री, नहीं आया कोई कार्यक्रम
बिजली विभाग के सूत्रों की मानें तो ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा शुक्रवार को बहुती पहुंचकर विद्युतीकरण कार्य का औपचारिक लोकार्पण करेंगे। हालांकि पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन के निधन के कारण शुक्रवार को उनके दौरे पर असमंजस बरकरार है।