सीतापुर। शहर से सटी कांशीराम कॉलोनी में पांच दिन से बिजली नहीं आ रही है। इसकी वजह से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल है। इस वजह से पानी के लिए लोग हैंडपंप पर निर्भर हो गए हैं। तीन मंजिला तक पानी चढ़ाना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। इससे करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित है।
कांशीराम कॉलोनी में पांच दिन से लोग बिजली न आने से परेशान हैं। काॅलोनी के आशीष बताते हैं कि चार मंजिल पर कमरा है। बिजली नहीं आ रही है तो पानी लेने नीचे आना पड़ता है। काॅलोनी में इक्का दुक्का हैंडपंप लगे हुए है। इन पर काफी भीड़ रहती है। साथ ही पानी लेकर चार मंजिला तक चढ़ना किसी मुसीबत से कम नहीं है।
घर के मोबाइल डिस्चार्ज पड़े हैं। रोजाना दिनचर्या प्रभावित हो रही है। मोहित बताते हैं कि कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अफसर सही जवाब नहीं दे रहे हैं। मोहल्ले में कोई फॉल्ट है या कोई अन्य दिक्कत आ गई है। इसकी जानकारी न होने से करीब 20 हजार बाशिंदों के सामने तमाम मुसीबत खड़ी हो गई है। मजबूर होकर लोग रात में छत पर सो रहे है। घरों के अंदर गर्मी के वजह से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।