महमूदाबाद क्षेत्र में बिजली केबिल को सही करते बिजली कर्मी।
सीतापुर। जिले में लगातार बारिश के चलते करीब 600 गांवों की बिजली गुल हो गई है। बांसुरा उपकेंद्र में पानी भरने से करीब 400 गांवों की बिजली काट दी गई है। इसके अलावा मिश्रिख, सदरपुर, रेउसा, सिधौली आदि इलाके के 200 गांवों में आपूर्ति ठप है। लंबी समय से कटौती होने से घर व संस्थानों के इन्वर्टर ठप हो गये है।
बिजली न होने से घरों में पानी का संकट भी खड़ा हो गया है। इसके चलते लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। यह सब तार टूटने व खंभा गिरने व ट्रांसफॉर्मर में खराबी के कारण हुआ है। बारिश की वजह से मरम्मत करने में भी व्यवधान पड़ रहा है।
बारिश के चलते आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। रामपुर मथुरा इलाके के बांसुरा उपकेंद्र से करीब 400 गांवों को आपूर्ति की जाती है। बारिश के चलते उपकेंद्र के अंदर तक पानी भर गया है। एहतियात के तौर पर इन सभी गांवों की आपूर्ति बंद कर दी गई है। इसी तरह मछरेहटा उपकेंद्र में इंसुलेटर फुंकने से करीब सौ गांवों की आपूर्ति ठप हो गई है। सिधौली, महमूदाबाद, बिसवां, मिश्रिख, रेउसा, महोली, पिसावां, अटरिया आदि इलाकों में पोल टूटने के कारण करीब दो सौ गांवों में सुबह से बिजली गुल है।
शहर के भवानीपुर व पुराना सीतापुर उपकेंद्र से जुड़े 30 से अधिक मोहल्लों में पांच घंटे बिजली बाधित रही। कहीं पर तार टूट गये हैं तो कहीं पर ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गई है। इसके चलते लोगों के सामने बहुत समस्याएं खड़ी हो गई है। अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि बारिश के चलते पूरे जिले में 100 से अधिक पोल टूटे हैं। 50 से अधिक जगहों पर फॉल्ट की शिकायत मिली है। बारिश के चलते पेट्रोलिंग करने में समस्या आ रही है। जल्द ही पूरे जिले में आपूर्ति बहाल करने का प्रयास चल रहा है।
मीटर रीडर की हुई चेकिंग
एसडीओ टाउन की तरफ से सोमवार को शहर में मीटर रीडर के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। एसडीओ हिमांशु पटेल ने बताया मीटर रीडर की लगातार शिकायतें मिल रही थी कि वह समय से रीडिंग लेने नहीं जाते हैं। इसके चलते कई मोहल्लों में अभियान चलाकर उपभोक्ताओं से बातचीत की गई। उपभोक्ताओं से बातचीत की गई। उपभोक्ताओं से कहा गया अगर मीटर रीडर प्रत्येक माह नहीं आते है तो वह तत्काल शिकायत दर्ज करें।