सीतापुर। शहर के सिटी उपकेंद्र से जुड़े 25 से अधिक मोहल्लों में शुक्रवार को चार घंटे बिजली गुल रही। इस कटौती के कारण उमस में लोग परेशान रहे। करीब 70 हजार की आबादी प्रभावित हुईं।
इस उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी सिटी थ्री फीडर से जुड़े हुसैनगंज, ग्रीकगंज, नई बस्ती, आलमनगर, जेल रोड व घंटाघर इलाके के फीडर बंद रहे। इसके चलते सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक लंबी बिजली कटौती हुई। यह फीडर शहरी क्षेत्र में आते हैं।
शुक्रवार को दिन में काफी उमस बनी रही। उमस के चलते लोगों को गर्मी से जूझना पड़ा। इन इलाकों के कार्यालयों के बाहर जनरेटर चलते रहे। दोपहर बाद आपूर्ति सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
इसी तरह कैनाल फीडर से जुड़े स्टेशन रोड, ट्रांसपोर्ट चौराहा, लोहारबाग व बस स्टेशन की दोपहर दो से शाम पांच बजे तक बिजली बंद रही। दोपहर के समय बिजली कटौती होने से घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। इन्वर्टर डिस्चार्ज होने से गर्मी से लोग जूझते रहे। एसडीओ रवि गौतम ने बताया कि मरम्मत के चलते शटडाउन लिया गया था। अब आपूर्ति सामान्य चल रही है।