सीतापुर। आगामी चुनावों को लेकर पुलिस महानिदेशक लखनऊ रविवार को पहली बार जिले में पहुंचे। उन्होंने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर शांतिपूर्वक चुनाव निपटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में हो रहे अपराधों की समीक्षा भी की।
शहर के 14 नंबर क्लब में पहुंचे एडीजी जोन अमरेंद्र कुमार सेंगर ने बैठक कर मातहतों से जिले के बारे में संपूर्ण जानकारी ली। महिला अपराध संबंधी मामलों की विवेचना के साथ ही उन्होंने चुनावों के संबंध में होने वाली कार्रवाई की स्थिति भी जानी।
उन्होंने निर्देश दिए कि हिस्ट्रीशीटर के सत्यापन, शस्त्र लाइसेंस सत्यापन जैसे चुनाव संबंधी अभियानों में तेजी लाई जाए ताकि चुनाव से पहले सत्यापन पूर्ण हो सके। इसके साथ ही गुंडा एक्ट व चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों पर भी नजर रखे जाने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी उत्तरी प्रकाश कुमार, एएसपी दक्षिणी डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह आदि मौजूद रहे।