सीतापुर। रेउसा में अटल चौक के पास शनिवार को तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार थाना थानगांव के सुजातपुर गांव निवासी संदीप और उसका छोटा भाई सर्वेश (25) बाइक से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सर्वेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। संदीप का इलाज चल रहा है।
मामा के घर से लौट रहे थे
सर्वेश अपने बड़े भाई संदीप के साथ शनिवार को सुपौली निवासी अपने मामा राजेश गौतम केे घर गया था। मामा से मिलकर दोनों लौट रहे थे। इसी बीच हादसा हो गया। ग्रामीणों ने दौड़ाकर डंपर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर घनश्याम राम ने बताया कि डंपर चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।