खैराबाद। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार को ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रहीमाबाद निवासी लईक (45) कमलापुर में ब्रेक फेल होने से खराब हुई एक निजी बस को ट्रैक्टर से टोचन कर ले जा रहे थे। बाराभारी गांव के पास टोल प्लाजा के निकट उन्होंने ट्रैक्टर में अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे टोचन की जा रही बस अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के झटके से लईक सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर के पहिये के नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।