सीतापुर। जिले की 11 सीएचसी पर अब डिजिटल एक्सरे मशीन लगाई जाएगी। इससे मरीजों को जिला मुख्यालय तक दौड़ लगाने से छुटकारा मिल सकेगा। शासन ने जिले से भेजे गए प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। जल्द ही मशीनें सीएचसी पहुंच जाएंगी।
ग्रामीण इलाके में लोगों को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ब्लॉकवार सीएचसी बनी हैं। 11 सीएचसी पर एक्सरे मशीन न होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जिन मरीजों को एक्सरे कराने की जरूरत होती थी डॉक्टर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर देते थे। कई मरीजों को एक्सरे कराने के लिए 50 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करना पड़ता था। वहीं निजी जांच कराने पर उसे 300-400 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। सीएमओ डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि अब सीएचसी पर मशीन लग जाने से मरीजों को काफी सुविधा होगी। जल्द ही मशीनें पहुंचने की उम्मीद है।
यहां लगनी हैं मशीनें
सीएचसी महोली, गोंदलामऊ, मछरेहटा, परसेंडी, खैराबाद, सांडा, रामपुर मथुरा, कसमंडा, एलिया, नैमिषारण्य व सीएचसी पहला शामिल है।