पिसावां। साहब, पात्रता सूची में नाम होने के बाद भी सीएम व पीएम आवासीय योजना का कोई फायदा नहीं दिया जा रहा है। आवास पाने के लिए वह बीते दो साल से भटक रहा है। यह परेशानी शनिवार को मुस्तफाबाद निवासी गुड्डू ने पिसावां थाना परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में मौजूद डीएम डाॅ. राजागणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के समक्ष बताई। पीड़ित ने प्रधान व सचिव पर जानबूझ कर आवास न देने का आरोप भी लगाया। डीएम ने बीडीओ को बुलाकर पूरे मामले की जांचकर पात्रता सही होने पर पीड़ित को आवास का आवंटन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। पिसावां में डीएम व एसपी की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में निर्देश दिया गया कि आपसी विवाद से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण में त्वरित कार्रवाई की जाए। पिसावां निवासी हरिश्चंद्र ने बताया कि वह कैंसर रोग से पीड़ित हैं। काफी प्रयास के बावजूद उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा है। डीएम ने सीएमओ को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकता पर कार्ड बनवाने के लिए निर्देशित किया।इस दौरान क्षेत्रीय विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, उपजिलाधिकारी महोली देवेंद्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महमूदाबाद में थाना समाधान दिवस के दौरान लेखपाल मौजूद नहीं रहे। बताया गया कि सभी लेखपाल अपने क्षेत्रों में एसआईआर कार्य कराने के लिए गए हुए हैं। इससे फरियादियों को दिक्कतें हुईं। मिश्रिख थाना परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह ने शिकायतें सुनीं। कुल छह शिकायती पत्रों में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। सकरन थाना परिसर में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व संबंधी कुल पांच शिकायती पत्र प्राप्त हुए। मौके पर किसी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। सभी शिकायती पत्रों को निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को दिया गया।