सीतापुर। लखीमपुर व सीतापुर के बीच की दूरी कम होगी। शारदा नदी के ढेबर घाट पर पुल बनेगा। एक अरब 66 करोड़ 74 लाख की लागत से बनने वाले इस पुल की लंबाई 1751 मीटर होगी। शासन ने पहली किस्त के रूप में 41.68 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। उम्मीद है जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे 30 से अधिक गांवों के लोगों को फायदा मिलेगा।
तंबौर में सीतापुर-लखीमपुर बार्डर पर शारदा नदी पर ढेबर घाट है। यह घाट दो जिलों को जोड़ता है। पुल न होने से लोग नाव के जरिए सीतापुर से लखीमपुर आते-जाते हैं। अगर सड़क मार्ग से जाते हैं तो करीब 60 किलोमीटर का सफर तय कर लखीमपुर जिले के सिसैया पहुंचते हैं। अगर पुल बन जाएगा तो यह दूरी सिमटकर करीब 35 किलोमीटर हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब चार माह पहले पुल बनने की मंजूरी मिली थी। बजट के अभाव में काम रुका था। अब लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयास से पुल के निर्माण के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है।
दो लेन का होगा पुल
ढेबर घाट पर बनने जा रहे इस पुल की लंबाई 1751 मीटर है। पुल दो लेन का बनेगा। इसके निर्माण पर करीब 1.66 अरब रुपये खर्च किए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में 41 करोड़ 68 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। एक साल में पुल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। पुल बन जाने से लखीमपुर, रेउसा, बहराइच, महमूदाबाद व लखनऊ से आवागमन काफी सुलभ हो जाएगा।
इन गांवों को होगा फायदा
पुल बन जाने से सिसैया कलां, तंबौर, अकबरपुर, रायपुर, फू लपुर, लखानीपुर, ईसानगर, ईसापुर, गोपालपुर, कमाना, बिसवां खुर्द, मानपुर, मल्लापुर, तरजगंज, हरिहरपुर, धवनिया, बेलदवा, अटवी, चहलुआ, रमवापुर, बेहटा, फत्तेपुर, खमरिया, बतेला, बदलिया, रमुआपुर, माखू बेहर, सुमाली, सपाह, नानुही, पेरई, गौहानिया, बेलवा, सेमरिया, हरखी बेहर, चांदी, भानपुर व औरंगाबाद आदि गांवों की करीब पांच लाख आबादी लाभान्वित होगी।
पहली किस्त जारी
ढेबर घाट पर बनने वाले पुल के निर्माण के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है। पुल बन जाने से सीतापुर, लखीमपुर, लखनऊ व बहराइच के लोगों को फायदा मिलेंगा। यह पुल व्यापारिक दृष्टिकोण से काफी मददगार साबित होगा।
जितिन प्रसाद, लोक निर्माण मंत्री