फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: शिवालयों में जलाभिषेक के लिए उमड़े भक्त

विज्ञापन
विज्ञापन
सावन के पहले सोमवार पर सुबह से ही लगी रही भक्तों की कतार, गूंजा हर-हर महादेव
विज्ञापन

श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर सुख-वैभव का मांगा वरदान
फोटो- 11 से 15
संवाद न्यूज एजेंसी
सीतापुर। शिवालयों में सावन के पहले सोमवार पर दर्शन-पूजन को भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिवालयों में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। बम-बम भोले, ऊं नम: शिवाय तथा हर-हर महादेव के जयकारों से शिव मंदिर गूंजते रहे। भगवान शंकर के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु भोर पहर से ही शिवालयों में पहुंचने लगे थे। भक्तों ने बेल पत्र, भांग-धतूरा, गंगाजल, दूध-दही, पुष्प, पंचामृत व शहद से शिवलिंग का अभिषेक कर परिवार में खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान तमाम भक्तों ने व्रत रखने के साथ रुद्राभिषेक भी किया।
फूलों से सजाए गए शिवालय
सावन के पहले सोमवार को भोलेनाथ के पूजन-अर्चन का विशेष महत्व है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह संयोग भक्तों पर विशेष कृपा बरसाता है। शहर के श्यामनाथ, जंगलीनाथ, त्रिकोणनाथ, ताड़कनाथ समेत सभी शिव मंदिरों को मनमोहक ढंग से सजाया गया है। सोमवार की भोर पहर शिवालयों के कपाट खोल दिए गए। कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन को शिव भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। प्रसिद्ध श्यामनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरीकेडिंग लगाई गई है। कई शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने रूद्राभिषेक कर भोले बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की।
विज्ञापन


यहां भी दिन भर चला पूजन
नैमिषारण्य के देवदेवेश्वर, रुद्रावर्त धाम और चक्रतीर्थ स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों ने विधि-विधान से भोलेबाबा का पूजन किया। इसके अलावा लहरपुर के बाबा जंगलीनाथ मंदिर, सिधौली के सिद्धेश्वर मंदिर, हरगांव के गौरीशंकर मंदिर, बिसवां के पत्थर शिवाला, महमूदाबाद के संकटा देवी मंदिर परिसर स्थित शिव प्रतिमा, कमलापुर के शिवालय, नागेश्वरनाथ धाम के साथ महोली, रेउसा, थानगांव, रामपुर मथुरा, खैराबाद, पिसावां व मिश्रिख आदि जगहों पर श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर सुख-वैभव का वरदान मांगा।

नगर विकास राज्यमंत्री पहुंचे श्यामनाथ मंदिर
नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु व पालिकाध्यक्ष नेहा अवस्थी ने शहर के श्यामनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें शर्बत व फल इत्यादि वितरित किए।

कांवड़ियों ने भोलेनाथ का किया जलाभिषेक
सावन के पहले सोमवार पर प्रमुख शिवालयों में कंवड़ियों ने जलाभिषेक किया। कांवड़ियों की सुविधा के लिए जगह-जगह पंडाल लगाए गए थे। रास्ते में व मंदिरों पर कांवड़ियों पर अफसरों तथा जनप्रतिनिधियों ने पुष्प वर्षा की। नैमिषारण्य में गोमती व कन्नौज से गंगा जल कांवड़ में लाकर भोले के भक्तों ने अभिषेक किया। रेउसा क्षेत्र के चहलारी घाट पर सरयू से कांवड़ भरकर कांवड़ियों ने बिसवां व महमूदाबाद क्षेत्र के शिवालयों में जलाभिषेक किया। राजघाट कन्नौज से गंगा जल लाकर कांवड़ियों के जत्थे ने कमलापुर के नागेश्वर नाथ धाम में जलाभिषेक किया। इस दौरान डीजे की धुन पर झूमते कांवड़िए जिधर से निकलते समूचा वातावरण भक्तिमय हो जाता।
विज्ञापन


डीएम व एसपी ने देवदेवेश्वर में किया पूजन
सीतापुर। डीएम व एसपी ने नैमिष के देवदेवेश्वर में पूजा-अर्चना कर लोक कल्याण की कामना की। उन्होंने देव देवेश्वर घाट का निरीक्षण भी किया। डीएम अनुज सिंह ने कांवड़ मार्गों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। एसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि शिव भक्तों को मंदिर से लेकर रास्ते में कोई समस्या न हो, इसको लेकर सीओ से लेकर कोतवाल व थानाध्यक्षों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। मुख्य मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध को लेकर लगभग दो हजार पुलिस कर्मियों के साथ अन्य पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसी क्रम में डीएम-एसपी ने शहर के श्यामनाथ मंदिर का निरीक्षण भी किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें