मिश्रिख(सीतापुर)। नगरपालिका मिश्रिख में चालू वित्तीय वर्ष में 35 करोड़ से विकास कार्य कराए जाएंगे। बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी। सभासदों ने सड़क, नाली, प्रकाश व साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने का मुद्दा उठाया।
मिश्रिख सांसद अशोक रावत की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। ईओ सुरभि पांडेय ने 35 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा। सभासदों ने अपनी सहमति से इसे पास कर दिया। बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्ड में नाली, सड़क, बिजली, साफ-सफाई व्यवस्था व पेयजल का मुद्दा उठाया। अध्यक्ष मुन्नी देवी ने सभासदों के प्रस्ताव पर काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया।
मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव ने कहा सीताकुंड तीर्थ में गंदगी व कुंड में गंदा पानी रोकने के निर्देश दिए। ईओ से नगर में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करवाने की बात कही। विधायक ने कहा कि स्टेशन रोड पर अतिक्रमण से तोड़ी गई नालियों को बनवाया जाय। नगर पालिका कार्यालय के पास जलभराव के लिए बड़े नाले व जर्जर पालिका भवन का प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा जाए।
सांसद अशोक रावत ने कहा कि नैमिषारण्य विकास परिषद गठित होने से नैमिषारण्य व मिश्रिख में समग्र विकास शुरू हो गए हैं। मोहल्लों में पाइपलाइन की वजह से खोदी गई सड़कों को फिर से दुरुस्त करने के लिए अफसरों को निर्देश दिए। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्षा प्रतिनिधि बबलू सिंह, सभासद आशीष, विनय, श्याम किशोर सहित अन्य मौजूद रहे।