सीतापुर। प्रचंड गर्मी के कारण सुबह आठ बजे के बाद से झुलसाने वाली धूप के कारण लोगों का बुरा हाल है। पारा 41 डिग्री से नीचे आने का नाम नहीं ले रहा। इस कारण हीट स्ट्रोक व गैस्ट्रो डायरिया के मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। शरीर में पानी की हो रही कमी की भरपाई के लिए चिकित्सक ग्लूकोज, ओआरएस व एनर्जी ड्रिंक के सेवन का मशवरा दे रहे हैं। इस कारण बीते 20 दिनों में ही एनर्जी ड्रिंक, ग्लूकोज और ओआरएस की मांग मार्च और अप्रैल के मुकाबले तीन गुना से भी अधिक बढ़ गई है। मांग बढ़ने से इनकी कीमतों में भी 20 फीसदी तक उछाल आया है।
सूरज की तपिश और लू की चपेट में आकर लोग बीमार हो रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में वर्तमान में इस समय तीन हजार से अधिक मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन व पेट दर्द के मरीज होते हैं। सीतापुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र बाजपेयी ने बताया कि शरीर में पानी की कमी होने पर लोग ग्लूकोज, ओआरएस व इनर्जी ड्रिंक्स खरीद रहे हैं। इससे एनर्जी ड्रिंक की मांग तीन गुना तक बढ़ गई है। सभी उत्पादों पर करीब 20 प्रतिशत मूल्य की बढ़ोत्तरी देखी गयी है।
इस लिए फायदेमंद ओआरएस घोल
सीएचसी ऐलिया के डॉ. सुमित शुक्ला बताते हैं कि ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट यानी ओआरएस के सेवन से दस्त के दौरान शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा किया जाता है। दस्त के साथ-साथ उल्टी और अधिक पसीना आने की स्थिति में भी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की मात्रा को संतुलित बनाए रखने के लिए खासकर बच्चों को ओआरएस का घोल दिया जाता है। इनर्जी ड्रिंक, ग्लूकोज व पानी का अधिक से अधिक सेवन शरीर में पानी की मात्रा को बराबर रखते हैं।
सेहत का रखें ख्याल, बरतें सावधानी
चिकित्सकों का कहना है, कि अक्सर धूप और गर्मी में काम करने वाले और बाहर निकलने वाले लोग डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त व पेट दर्द के शिकार हो जाते हैं। अगर सावधानी बरतें तो लू और गर्मी से होने वाली परेशानियों से काफी हद तक बचा जा सकता है। तेज गर्म हवाओं में बाहर जाने से बचें। इस दौरान लगातार पानी पीते रहें और सिर को धूप से बचाएं। नंगे बदन और नंगे पैर धूप में न निकलें। तेज गर्मी से आकर एक दम से फ्रिज आदि का ठंडा पानी न पीएं।
ऐसे बढ़ी कीमतें
एनर्जी ड्रिंक एक माह पहले वर्तमान मूल्य
इलेक्ट्रॉल 21.65 24.25
ग्लूकॉन-डी 29 35
इनरजॉल 28 33
(सभी उत्पाद 100 ग्राम, मूल्य रुपये में)