मास्टरबाग (सीतापुर)। रामपुर कला थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेब से मिले आधार कार्ड व मोबाइल से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
दहैया ग्राम पंचायत के नेवादा गांव में एक युवक का शव यूकेलिप्टस के पेड़ लटका मिला। नित्यक्रिया के लिए गईं महिलाओं ने शव देखा तो आसपास के लोग भी पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। तलाशी के दौरान युवक की जेब से मिले आधारकार्ड से उसकी पहचान कमलापुर के गांव हरिहरपुर जमरखा निवासी गोविंद (23) के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि गोविंद सोमवार शाम अपने दोस्त के यहां शादी में जाने की बात कहकर निकला था। शाम आठ बजे तक फोन से संपर्क हुआ। उसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव ने बताया कि जांच में यह निकल कर आया है कि नेवादा गांव में गोविंद की रिश्तेदारी थी। उसका किसी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन घटना के संदिग्ध होने के चलते परिजनों से बयान लिए जाएंगे। परिवार को जिन लोगों पर शक है, उनके खिलाफ तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।