बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र से लापता हुए युवक का शव शारदा नहर में उतराता मिला। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोटरा निवासी मोहित यादव (26) का विवाह छह माह पूर्व ही हुआ था। परिजनों ने बताया कि युवक मजदूरी के सिलसिले में मंगलवार को बाहर जाने की तैयारी में था।
वह घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने मित्रों के साथ घूमने जा रहा है। बुधवार देर शाम उसका शव खिदारियापुर के निकट शारदा सहायक नहर में उतराता हुआ मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही दो युवक उसे घुमाने के बहाने ले गए थे। उन्होंने ही मारपीट कर उसे नहर में फेंक दिया है। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अपहरण के दो आरोपी गिरफ्तार
सीतापुर। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में छात्रा के अपहरण के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुलरामऊ निवासी नीशू वाल्मीकि सीता इंटर काॅलेज में इंटर की छात्रा है। सोमवार सुबह वह घर से निकली थी। करीब 10 बजे उसके पिता कमलेश के फोन पर काॅल आई और नीशू को अगवा किए जाने की बात कहते हुए ढाई लाख की फिरौती मांगी थी।
मंगलवार को छात्रा और उसके साथ एक युवक को गैर जनपद से खोज लिया गया था। सीओ रविशंकर ने बताया कि मौलापुर महमूदाबाद निवासी राजीव वर्मा और थाना रामपुरकलां के सरैंया निवासी प्रियांशू यादव को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने पूछताछ में फिरौती मांगे जाने की बात कही है।