महोली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में रिश्तेदारी में आए एक युवक का शव गुरुवार को तालाब में उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
लखीमपुर खीरी जिले के हैदराबाद थाना क्षेत्र उदयपुर निवासी शिवसागर राजवंशी (45) कस्बे के मास्टर कॉलोनी पूर्वी में अपने रिश्तेदार पप्पू राजवंशी के यहां मंगलवार को आया था। पप्पू की बेटी का जन्मदिन था।
मंगलवार देर रात पार्टी के बाद सभी परिजन सो गए। शिवसागर भी सोने चला गया। बुधवार सुबह वह बिस्तर पर नहीं मिला। परिजनों ने तलाश की लेकिन पता नहीं चल सका। सूचना पाकर बुधवार को शिवसागर की पत्नी शीला ने महोली कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी। महोली पुलिस ने बुधवार को पप्पू राजवंशी के मकान के पास गहरे तालाब को गोताखोरों की मदद से खंगाला लेकिन पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने मोहल्ले के एक तालाब में शव को उतराते देखा। उन्होंने रिश्तेदारों को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि रिश्तेदारी में आए युवक का शव तालाब में मिला है। परिजनों ने लिखित तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।