जहांगीराबाद (सीतापुर)। सदरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक विवाहिता का शव घर में साड़ी से बने फंदे से लटका मिला। वारदात के समय परिजन घर पर नहीं थे।
कोतवाली देहात के धापूपुर पकरिया गांव निवासी सोनी (23) का विवाह दो साल पहले सदरपुर के नींबाडेहरा निवासी राहुल शर्मा के साथ हुआ था। उसकी एक छह माह की पुत्री भी थी। शनिवार सुबह लगभग दस बजे घर के पुरुष खेत गए हुए थे। सोनी की सास और ननद घर के बाहर पड़ोसी महिलाओं के साथ बातें कर रही थीं।
इस दौरान ही गांव की एक छोटी लड़की घर आई और कमरे में सोनी का शव लटके देख चिल्लाने लगी। परिजनों ने विवाहिता को फंदे से उतारकर निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और दहेज के लिए मार डालने का आरोप लगाया।
सीओ महमूदाबाद रविशंकर प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति राहुल, सास बिट्टो, ननद नेहा, ससुर रामचंद्र और पप्पू पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।